4 नवंबर 2026 - 19:46
ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं, लेकिन 60 प्रतिशत तक यूरेनियम संवर्धन जारी : आईएईए

ग्रोसी ने कहा कि वह एक राजनयिक के रूप में हमेशा राजनीतिक और कूटनीतिक समाधान के पक्ष में रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक एजेंसी ने कोह-ए-कलंग की जांच की थी, तब तक वहां कोई परमाणु गतिविधि या उपकरण मौजूद नहीं थे।

तेहरान: अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के प्रमुख राफेल ग्रोसी ने कहा है कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं है। हालांकि, उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को बेहद महत्वाकांक्षी बताते हुए इस पर चिंता भी जताई है।

आरटी के मुताबिक, राफेल ग्रोसी ने कहा कि ईरान परमाणु हथियार नहीं रखता, लेकिन वह यूरेनियम का संवर्धन 60 प्रतिशत तक कर रहा है। ग्रोसी के अनुसार, ईरान दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है, जिसके पास परमाणु हथियार नहीं है, फिर भी वह इतने उच्च स्तर पर यूरेनियम संवर्धन कर रहा है।

उन्होंने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम के कुछ पहलू चिंताजनक हैं और तेहरान ने इनके बारे में एजेंसी को जरूरी जानकारी और पारदर्शिता उपलब्ध नहीं कराई है।

ग्रोसी ने कहा कि वह एक राजनयिक के रूप में हमेशा राजनीतिक और कूटनीतिक समाधान के पक्ष में रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक एजेंसी ने कोह-ए-कलंग की जांच की थी, तब तक वहां कोई परमाणु गतिविधि या उपकरण मौजूद नहीं थे।

उन्होंने कहा, "हमें लोगों को भ्रमित नहीं करना चाहिए। तेहरान के पास परमाणु हथियार नहीं है।"

ग्रोसी के मुताबिक, अमेरिका और इस्राईल के हमलों के कारण ईरान के परमाणु कार्यक्रम के भौतिक ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।

गौरतलब है कि ईरानी अधिकारी लगातार कहते रहे हैं कि उनका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है और वे अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के साथ सहयोग करते रहे हैं। ईरान ने अमेरिका और इस्राईल की ओर से उसके परमाणु ठिकानों पर किए गए हमलों की कड़ी निंदा की है।

आपकी टिप्पणी

You are replying to: .
टिप्पणीसंकेत
captcha